राज्य
17-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय जनगणना के लिए पहला चरण रविवार से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली के 12 जिलों में 50 हजार से अधिक कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो लोगों के घर-घर जाकर हाउसिंग सर्वे में मौजूद 33 सवाल पूछेंगे। यह कार्य 17 मई से शुरू होकर 14 जून तक चलेगा। इस तरह 30 दिवसीय विशेष अभियान के तहत राजधानी में मकानों को सूचीकरण और उनकी गणना का कार्य पूरा किया जाएगा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनगणना 2027 के हाउसलिस्टिंग के पहले चरण के तहत एमसीडी के 250 वार्डों में स्वगणना का कार्य संपन्न कर लिया गया। यह डिजिटल प्रक्रिया 1 मई से लेकर 15 मई के बीच संपन्न हुई, जिसमें 1.34 लाख लोगों ने ऑनलाइन अपना विवरण दर्ज किया। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 250 वार्डों में 30 से 32 लाख घर हैं और इसे 46 हजार हाउसलिस्टिंग ब्लॉक्स में बांटा गया है और हर ब्लॉक में 150 से 180 घर हैं। अब करीब 50 हजार से अधिक कर्मचारी शनिवार से पूरी दिल्ली में जनगणना 2027 के लिए घर-घर जाकर घरों की लिस्टिंग का काम शुरू करेंगे। इस कार्य को शुरू करने से पहले ये कर्मचारी अगले चार दिनों तक ग्राउंड ट्रूथिंग करेंगे यानि वो घर-घर जाने से पहले, जगहों की भौतिक रूप से जांच करेंगे और सड़कों, गलियों और खास जगहों की पहचान करेंगे। इसके साथ ही इमारतों और घरों की व्यवस्थित पहचान और नंबरिंग करेंगे ताकि कोई भी घर छूट न जाए। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/ मई/2026