नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर दिल्ली मेट्रो ने ऊर्जा बचत की दिशा में अहम कदम उठाया है। 18 मई से हर सोमवार को 24 अतिरिक्त मेट्रो फेरे लगाकर डीएमआरसी सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दे रहा है। वहीं दिल्ली सरकार ने भी मेरा भारत, मेरी भागीदारी अभियान शुरू किया है। इसके तहत हर मंडे को मेट्रो डे मनाया जाएगा। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव का असर दुनिया के तमाम देशों पर पड़ रहा है।जंग की वजह से तेल और गैस का संकट गहरा गया है। भारत में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। जिसके चलते हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने और निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक वाहनों के इस्तेमाल की अपील की थी। इस बीच दिल्ली मेट्रो ने मेट्रो के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। बढ़ती मांग को देखते हुए दिल्ली मेट्रो 18 मई से हर सोमवार 24 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। डीएमआरसी के मुताबिक वर्तमान परिस्थितियों में ऊर्जा की बचत, आर्थिक मजबूती और पर्यावरणीय स्थिरता सुनिश्चित करने में जन परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए, डीएमआरसी ज्यादा से ज्यादा मेट्रो सेवाओं को अपनाने और यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को बेहतर बनाने के लिए पहल कर रही है वर्तमान परिस्थितियों में सड़क परिवहन से मेट्रो की ओर संभावित रुझान को ध्यान में रखते हुए, डीएमआरसी 18 मई 2026 से हर सोमवार को 6 अतिरिक्त ट्रेनों के माध्यम से 24 अतिरिक्त ट्रेन फेरे संचालित करेगी। अन्य दिनों में भी जरूरत पड़ने पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सेवाएं चलाई जाएंगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/ मई/2026