क्षेत्रीय
17-May-2026
...


धनबाद (ईएमएस)। धनबाद के बिनोद बिहारी चौक के समीप रविवार सुबह कथित गौ तस्करी के आरोप में लोगों ने एक टाटा मैजिक वाहन को पकड़ लिया। वाहन में गौवंशों को कथित रूप से ठूंस-ठूंस कर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन समेत पांच गौवंशों को कब्जे में लेकर धनबाद थाना ले गई। मामले में झारखंड गौहत्या प्रतिषेध अधिनियम और परिवहन नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की जा रही है।पवित्रम सेवा दल के सदस्यों के अनुसार रविवार सुबह करीब 9 बजे बिनोद बिहारी चौक के पास लोगों को तेज रफ्तार से गुजर रहे एक टाटा मैजिक वाहन पर संदेह हुआ। जब स्थानीय लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक कथित रूप से वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद दुकानदारों और राहगीरों की मदद से वाहन को रोक लिया गया।वाहन की जांच करने पर उसमें 10 गौवंश पाए गए। इनमें पांच दुधारू गाय, चार बछड़ियां और एक बछड़ा शामिल थे। आरोप है कि सभी गौवंशों को बेरहमी से बांधकर रखा गया था और वाहन में चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। वाहन को तिरपाल से पूरी तरह ढंका गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक कोई वैध कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं दिखा सका।इसी दौरान कथित रूप से कुछ लोगों की मदद से पांच दुधारू गाय मौके से भगा दी गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और जीव-जंतु कल्याण बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और शेष बचे पांच गौवंशों को रेस्क्यू कर धनबाद थाना ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। - 17मई/26