क्षेत्रीय
17-May-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में महिलाएं और बच्चों सहित 11 लोग घायल हो गए। सभी यात्री महाराष्ट्र से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकले थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी संतोष राजगिर अपने परिवार और अन्य परिचितों के साथ शनिवार रात पिकअप वाहन से यात्रा पर निकले थे। रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे वाहन गुना जिले के भदौरा गांव के पास पहुंचा। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित एक ढाबे के सामने अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर डायल-112 और म्याना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो एफआरवी वाहनों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। घायल संतोष राजगिर ने बताया कि चालक काफी देर से थकान और नींद आने की बात कह रहा था। यात्रियों ने उसे कुछ देर रुककर आराम करने की सलाह भी दी थी, लेकिन चालक ने वाहन चलते रहने की बात कही। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। दुर्घटना में गिरधर, रीमा, दीपाली, कुसुम, उज्जवल, सविता, प्रशांत, वंश, सूर्यभर सहित अन्य यात्री घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। म्याना थाना प्रभारी ब्रजमोहन भदौरिया ने बताया कि हाईवे पर पिकअप पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया। - सीताराम नाटानी