क्षेत्रीय
17-May-2026
...


- 130 बेटियों को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण बिलासपुर (ईएमएस)। एनटीपीसी लिमिटेड के एनटीपीसी सिपट सुपर थर्मल पावर प्लांट में शुक्रवार को बालिका सशक्तिकरण अभियान (जेम)-2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। चार सप्ताह तक चलने वाले इस पूर्ण आवासीय कार्यक्रम का उद्घाटन बिलासपुर के डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने किया। इस दौरान परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के तहत परियोजना प्रभावित गांवों के 38 सरकारी स्कूलों से कक्षा 5वीं उत्तीर्ण करीब 130 बालिकाओं का चयन किया गया है। 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की इन बच्चियों को एक माह तक शिक्षा, कंप्यूटर ट्रेनिंग, योग, खेल, आत्मरक्षा, कला-संगीत, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, स्वच्छता, संवाद कौशल और समय प्रबंधन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। - सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां उद्घाटन समारोह में प्रतिभागी बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीत प्रस्तुतियां दीं। वहीं जेम-2022 बैच की पूर्व प्रतिभागी दिव्यांशी मिरचन्य और चिंकी पाटनवार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस अभियान ने उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा दी। दोनों छात्राएं वर्तमान में बाल भारती पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत हैं। - बेटियों को बड़े सपने देखने का मंच- डीआईजी मुख्य अतिथि रजनेश सिंह ने कहा कि जेम जैसे अभियान बालिकाओं को अपनी क्षमता पहचानने और बड़े सपने देखने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और शिक्षा ही बेटियों को सशक्त बनाती है। उन्होंने कार्यक्रम में की गई व्यवस्थाओं और एनटीपीसी की सीएसआर गतिविधियों की सराहना भी की। - 2019 से अब तक 525 बालिकाएं हुईं प्रशिक्षित परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि जेम केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच है। उन्होंने बताया कि सीपत में इस अभियान की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी और अब तक 525 बालिकाएं इससे लाभान्वित हो चुकी हैं। - 10 मेधावी छात्राओं को मिलेगी मुफ्त शिक्षा मानव संसाधन प्रमुख जयप्रकाश सत्यकाम ने बताया कि कार्यशाला पूरी होने के बाद चयनित 10 मेधावी बालिकाओं को बाल भारती पब्लिक स्कूल में कक्षा 6वीं से 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। - महिला समिति करेगी मार्गदर्शन संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल ने कहा कि समिति की सदस्याएं पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी बालिकाओं का परिवार की तरह मार्गदर्शन और सहयोग करेंगी। देशभर के विभिन्न एनटीपीसी स्टेशनों पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को मजबूती देना और बालिकाओं में शिक्षा, आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। इस वर्ष देशभर में 3400 से अधिक बालिकाओं के इस पहल से लाभान्वित होने की संभावना है। - 17 मई 2026