क्षेत्रीय
17-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। कानून से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ तोरवा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष छापेमार अभियान चलाया और एक ही दिन में 10 वारंट तामील कर बड़ी सफलता हासिल की। कार्रवाई में 8 गैर-जमानती और 2 जमानती वारंटों को तामील करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से गैर-जमानती वारंट वाले आरोपियों को जेल भेज दिया गया। तोरवा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, अड्डाबाजी चेकिंग और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान यह सामने आया कि कई आरोपी न्यायालय से जमानत मिलने के बाद भी पेशी में उपस्थित नहीं हो रहे थे और फरार चल रहे थे। न्यायालय द्वारा इनके विरुद्ध वारंट जारी किए गए थे, जिनकी तामील के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 16 मई 2026 को थाना तोरवा पुलिस ने सुनियोजित तरीके से अभियान चलाया और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान अमर ध्रुव, रोहित ध्रुव के खिलाफ दो वारंट लंबित , देवेन्द्र सिंह ठाकुर, छोटू उर्फ रितेश रजक, अल्हा रजक, प्रकाश दास, अमर रजक, विशाल ध्रुव और संजय केवंट को पकडऩे में सफलता मिली। सभी आरोपियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां गैर-जमानती वारंट के मामलों में जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल दाखिल करा दिया गया। - 17 मई 2026