क्षेत्रीय
17-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। जिले के बेरछा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलावद गोविंद से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली के मामले को सुलझाने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर 2 लाख रुपये कीमत का चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर लिया है और वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खेत से रातों-रात पार कर दिया था ट्रैक्टर जानकारी के अनुसार, 11-12 मई 2026 की दरमियानी रात ग्राम तिलावद गोविंद में भेरू महाराज वाले खेत पर ईंट भट्टे के पास से अज्ञात चोरों ने फरियादी जीवन प्रजापति का महिंद्रा ट्रैक्टर को ट्रॉली सहित चोरी कर लिया था। फरियादी की शिकायत पर बेरछा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की थी। एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एएसपी घनश्याम मालवीय और एसडीओपी नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भरतसिंह किरार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा पुराने वाहन चोरों से पूछताछ की। इसी बीच, 16 मई को मुखबिर से मिली पक्की सूचना के आधार पर पुलिस ने सेतखेड़ी निवासी रामचरण पिता दयाराम गुर्जर 25 वर्ष और राहुल पिता बालू गुर्जर 32 वर्ष को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर-ट्रॉली कीमत 2 लाख रुपये बरामद कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई और चोरी का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी निरीक्षक भरतसिंह किरार, उप निरीक्षक मेहरबानसिंह चौहान, सउनि रघुनाथसिंह राठौड़, प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा, रामपालसिंह राठौड़, हरीश सक्सेना, हेमेंद्र सोलंकी, आरक्षक रूपसिंह यादव, दीपक साहु, महेश वर्मा और आरक्षक चालक शैलेंद्रसिंह तोमर की अहम भूमिका रही। ईएमएस / 17/05/2023