क्षेत्रीय
17-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। शहर के स्टेशन रोड स्थित वार्ड नंबर 02 में इन दिनों नगर पालिका के स्वच्छता दावों की जमीनी हकीकत सामने आ रही है। सिकरवार ऑफिस के पास बने ड्रेनेज चैंबर की लंबे समय से सफाई न होने के कारण अब गंदा पानी उफन कर सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय रहवासियों का जीना मुहाल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकरवार ऑफिस के समीप स्थित सीवेज चैंबर कचरे और गंदगी से पूरी तरह से चोक हो चुका है। निकासी न होने से गंदा और बदबूदार पानी मुख्य मार्ग पर जमा हो रहा है। इसके कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई है। गंदे पानी के जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है, जिससे वार्ड में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है। मोहल्ले के नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मियों को इस गंभीर समस्या से कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक चैंबर की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और पैदल चलने वाले स्कूली बच्चों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई बार तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर गंदे पानी के छींटे राहगीरों पर उड़ते हैं, जिससे लोगों के कपड़े खराब होते हैं और आपसी विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। वार्ड नंबर 02 के आक्रोशित नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका अधिकारियों से मांग की है कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इस चैंबर की और नालों सफाई कराई जाए। जल निकासी की व्यवस्था को सुचारू किया जाए ताकि लोगों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके। पिछली बारिश में हुई थी मुसीबत स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पिछले वर्ष समय पर नालो की सफाई नहीं होने से भारी मुसीबत खड़ी हुई थी, क्योंकि थोड़ी बारिश में ही ये नाले फुल हो गए थे और बारिश के पानी के साथ नाले का गंदा पानी घरों में घुस गया था। रहवासियों ने नाला सफाई की मांग की है। ईएमएस / 17/05/2023