क्षेत्रीय
17-May-2026
...


- 28 जिलों से आए 234 शिक्षार्थी ले रहे प्रशिक्षण, स्वयंसेवक ही संभाल रहे पूरे वर्ग की व्यवस्थाएं शाजापुर (ईएमएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मालवा प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग का औपचारिक शुभारंभ रविवार को शाजापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, दुपाड़ा रोड परिसर में हुआ। वर्ग का शुभारंभ प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री, वर्ग सर्वाधिकारी प्रवीण सैनी, वर्ग कार्यवाह राधेश्याम पाटीदार द्वारा माँ भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। डॉ. प्रकाश शास्त्री ने शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ शिक्षा वर्ग केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रभाव और व्यक्तित्व निर्माण की एक साधना है। 15 दिनों तक परिवार और व्यक्तिगत सुविधाओं से दूर रहकर स्वयंसेवक सामूहिक जीवन, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और संगठनात्मक जीवन का अभ्यास करते हैं। वर्ग का उद्देश्य ऐसा कार्यकर्ता तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते हुए अपने परिवार, व्यवसाय और सामाजिक दायित्वों का भी प्रमाणिकता के साथ निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि संघ कार्य का मूल मंत्र “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” है। वर्ग में कम साधनों में सामूहिकता के साथ जीवन जीने की प्रक्रिया स्वयंसेवकों में समायोजन, सहनशीलता और सहयोग की भावना विकसित करती है। यहां बौद्धिक चर्चा, शारीरिक प्रशिक्षण, योग, खेल, गीत, समता, नियुद्ध एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों का सर्वांगीण विकास किया जाता है। संघ शिक्षा वर्ग में मालवा प्रांत के 8 विभागों के 28 जिलों से कुल 234 शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त करने पहुंचे हैं। आगामी 15 दिनों तक चलने वाले इस वर्ग में प्रतिदिन प्रातः से रात्रि तक निर्धारित समयानुसार शारीरिक एवं बौद्धिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। वर्ग के समापन पर होने वाले प्रकट कार्यक्रम में शिक्षार्थी अपने प्रशिक्षण, अनुशासन एवं विविध कौशल का प्रदर्शन करेंगे। विशेष बात यह है कि पूरे वर्ग की व्यवस्थाएं स्वयं संघ के कार्यकर्ता ही संभाल रहे हैं। भोजन व्यवस्था, आवास, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, जल प्रबंधन एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं का दायित्व स्वयंसेवकों द्वारा सेवा भाव से निभाया जा रहा है। वर्ग में कार्यकर्ता बिना किसी विशेष सुविधा की अपेक्षा के अनुशासित एवं आत्मीय वातावरण में कार्य कर रहे हैं, जो संघ की कार्यपद्धति और सामूहिक जीवन का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करता है। प्रदर्शनी का उद्घाटन वर्ग परिसर में “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में राष्ट्र जागरण, सेवा, सामाजिक समरसता, ग्राम विकास, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण एवं संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न आयामों को चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। ईएमएस / 17/05/2023