- आधा दर्जन पटाखा दुकानें और गोदाम सील, कई जगह नियमों का उल्लंघन देवास (ईएमएस)। जिले के टोंक कला के पास हुई पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट की घटना के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखा दुकानों तथा गोदामों की जांच का अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक विभिन्न टीमों ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक दुकानों और गोदामों को सील कर दिया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों, लाइसेंस, फायर फिटनेस और स्टॉक रजिस्टर जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने के बाद प्रशासन ने सीलिंग की कार्रवाई की। तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर शहर और ग्रामीण इलाकों में जांच के लिए टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने जहां भी कमियां पाईं, वहां सीलिंग की कार्रवाई की गई।नायब तहसीलदार पूजा भाटी ने शहर में तीन दुकानों का निरीक्षण किया। इनमें से एक दुकान आबादी वाले क्षेत्र में संचालित हो रही थी, जिसे तत्काल सील कर दिया गया। बताया गया कि दुकान के सामने बिजली का डीपी लगा हुआ था, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। पूजा भाटी की टीम ने दो अन्य दुकानों की भी जांच की, जहां कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। इन दुकानों के लाइसेंस नवीनीकृत पाए गए। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र के गद्दूखेड़ी इलाके में भी कार्रवाई की गई। उधर, नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने शिप्रा क्षेत्र में चारभुजा पटाखा दुकान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान दुकान में स्टॉक रजिस्टर, इलेक्ट्रिक फिटनेस, फायर फिटनेस और बिल्डिंग फिटनेस से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले। साथ ही कुछ बिना लेबल वाले पटाखे भी बरामद हुए, जिसके बाद दुकान को सील कर दिया गया। एक अन्य दुकान की जांच में यह भी सामने आया कि उसके पास पटाखा दुकान और गोदाम दोनों का लाइसेंस था, लेकिन दुकान के भीतर भारी मात्रा में भूसा भरा हुआ पाया गया। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए टीम ने लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रतिवेदन भेजा है। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026