क्षेत्रीय
17-May-2026
...


देवास (ईएमएस)। औद्योगिक क्षेत्र टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में मृत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए श्रमिक समस्या समाधान केंद्र पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में श्रमिक संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के जिला अध्यक्ष महेश राजपूत, वरिष्ठ अधिवक्ता बाबूलाल नागर तथा इंजीनियरिंग मजदूर सेवा संघ के जिला अध्यक्ष राम गुर्जर ने संयुक्त रूप से कहा कि देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री संचालन एवं सुरक्षा संबंधी मामलों में पुलिस, राजस्व विभाग, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग देवास, एमपीईबी, प्रदूषण नियंत्रण विभाग तथा लोक निर्माण विभाग सहित कुल 6 विभागों को प्रतिलिपि भेजी गई थी। इसके बावजूद श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। श्रमिक नेताओं के अनुसार मजदूरों की सुरक्षा एवं सुरक्षा उपकरणों से संबंधित एनओसी औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की उप संचालक श्रीमती अमृता टैगोर द्वारा जारी की गई थी। इतना ही नहीं, घटना से दो दिन पूर्व 12 मई 2026 को विभागीय अधिकारियों द्वारा टोंककला फैक्ट्री का निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन निरीक्षण के बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया। गौरतलब है कि 14 मई 2026 को फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट में 5 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भी संबंधित अधिकारियों पर अब तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से आमजन एवं श्रमिक संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सभा में उपस्थित श्रमिक संगठनों, राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक एवं सामाजिक संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतक श्रमिकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026