क्षेत्रीय
17-May-2026
...


देवास (ईएमएस)। जिले के पीपलरावा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सडक़ हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। चौबाराधारा के पास बेरखेड़ी फाटे के पास प्याज से भरा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, हादसा यू-टर्न पर हुआ, जहां वाहन असंतुलित होकर पलट गया। मिनी ट्रक में मजदूर प्याज की बोरियों के साथ पीछे बैठे थे। ट्रक पलटते ही वे बोरियों के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पीपलरावा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। तीन मजदूरों को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस ने रात भर रेस्क्यू अभियान चलाकर ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। ईएमएस/मोहने/ 17 मई 2026