17-May-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में संपन्न हुआ, यह गरिमामयी कार्यक्रम पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उत्तर प्रदेश जयवीर सिंह की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जन समूह को दिखाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में एक अभूतपूर्व बढ़ोतरी की गई है, जिसके तहत अनुदेशकों का मानदेय 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी रूप से रु 9000 प्रति माह से बढ़ाकर रुपए 17000 प्रति माह कर दिया है, इस योजना का लाभ प्रदेश के कुल 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों को मिलेगा। इस ऐतिहासिक मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में 21 अंशकालिक अनुदेशकों को पर्यटन मंत्री जी एवं जिलाधिकारी द्वारा चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। चेक पाने वाले अंशकालिक अनुदेशकों में जूली, ओंकार सिंह, ऋषि कपूर, सरिता यादव, सिंपल, अंकुर जादौन, ममता, रविंद्र सिंह, राहुल सागर, अंजू वर्मा, रीना, अनिल कुमार, सचिन सक्सेना, नीलम कुमारी, ओम नारायण प्रमुख रहे, 132 अनुदेशक इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस अवसर पर बोलते हुए माननीय मंत्री जी ने कहा कि हमारी सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने और राष्ट्र के निर्माताओ (शिक्षकों व अनुदेशकों) को उनका उचित हक दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, रुपए 9000 से सीधे 17000 प्रति माह की यह मानदेय वृद्धि अनुदेशकों के आर्थिक सशक्तिकरण और उनके अथक प्रयासों के प्रति सरकार के सम्मान को दर्शाती है। बुनियादी शिक्षा की नींव को मजबूत करने में हमारे इन अनुदेशकों की भूमिका सराहनीय है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने भी सभी लाभार्थी अनुदेशकों को बधाई दी और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सरकार की इस कल्याणकारी योजना का लाभ हर पात्र अनुदेशक तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इस कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदन गायन के साथ हुआ, इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक पप्पू लोधी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद कुमार द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे आदि जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद