18-May-2026
...


ईरान पर फिर संकट के बादल तेलअवीव(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर ईरान को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण बातचीत हुई है। इस उच्च स्तरीय वार्ता में दोनों नेताओं ने ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू करने की संभावनाओं और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी के हवाले से यह संकेत मिले हैं कि यदि ईरान के खिलाफ युद्ध दोबारा शुरू होता है, तो अमेरिका और इजरायल मिलकर एक साझा और बड़ा हमला कर सकते हैं। इस बातचीत के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने मंत्रिमंडल की आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें उन सभी मोर्चों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई जहां इजरायल वर्तमान में संघर्ष का सामना कर रहा है। यह नया और गंभीर घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई उस बेहद सख्त चेतावनी के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि ईरान के लिए समय तेजी से निकल रहा है, उन्हें जल्द फैसला लेना होगा, अन्यथा उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा। गौरतलब है कि इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े हमले किए थे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच करीब 40 दिनों तक भीषण संघर्ष चला था। बाद में 8 अप्रैल को ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच एक अस्थायी युद्धविराम पर सहमति बनी थी, जिसने इस टकराव को कुछ समय के लिए शांत किया था। युद्धविराम लागू होने के बाद शांति बहाली के प्रयास भी किए गए थे, जिसके तहत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई थी। हालांकि, इन वार्ताओं से कोई ठोस या स्थायी शांति समझौता नहीं निकल सका। पिछले कुछ हफ्तों में मध्यस्थता के जरिए दोनों पक्षों ने संघर्ष खत्म करने के लिए कई तरह के प्रस्तावों का आदान-प्रदान भी किया, लेकिन धरातल पर इसका कोई सकारात्मक असर दिखाई नहीं दिया। इस बीच, ट्रंप ने ईरान को पुनः चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर तेहरान ने अमेरिका की शर्तों के अनुसार शांति समझौता नहीं किया, तो उसे बहुत बुरे हालात का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने वैश्विक मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि ईरान के लिए बहुत मुश्किल समय आने वाला है, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द कोई डील कर लेनी चाहिए। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर तूफान से पहले का सन्नाटा संदेश के साथ एक प्रतीकात्मक तस्वीर भी साझा की है, जो आने वाले समय में एक बड़े सैन्य टकराव की ओर इशारा करती है। जब रविवार को ट्रंप और नेतन्याहू के बीच यह चर्चा चल रही थी, ठीक उसी समय इजरायली मंत्रिमंडल भी देश की सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ था। वीरेंद्र/ईएमएस/18मई 2026