-तीन शीर्ष हाई-प्रोफाइल कमांडरों को किया गिरफ्तार, 13 मई को शुरू किया था अभियान इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने मंगला जरघून घर इलाके में खुफिया अभियान चलाकर पिछले चार दिनों में कम से कम 35 चरमपंथियों को मार गिराया। इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने तीन शीर्ष हाई-प्रोफाइल कमांडरों को भी गिरफ्तार किया गया है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने रविवार रात क्वेटा में मीडिया को इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 13 मई को शुरू किया गया था। यह कार्रवाई प्रांत में पहले से पकड़े गए चरमपंथियों से पूछताछ में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रिंद ने बताया कि पकड़े गए तीनों कमांडर ‘हाई-प्रोफाइल’ शख्स हैं और यह अभियान प्रांत में पूर्व में पकड़े गए चरमपंथियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने मंगला जरघून घर क्षेत्र में कई बेस कैंप भी नष्ट कर दिए। उन्होंने बताया कि विश्वसनीय और कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी के आधार पर प्रांत में अतिरिक्त अभियान जारी हैं, जिनका उद्देश्य इन चरमपंथी तत्वों के आकाओं, और वित्तीय मदद पहुंचाने वालों को गिरफ्तार करना है। पाकिस्तान सेना ने इस नवीनतम अभियान के संबंध में अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है। बता दें बलूचिस्तान में पिछले कुछ दिनों से तनाव काफी बढ़ा हुआ है। पिछले बुधवार को बलूचिस्तान के बरखान जिले में चरमपंथियों के साथ हुई एक मुठभेड़ में पाकिस्तानी सेना के एक मेजर सहित पांच सैनिक मारे गए थे। उस कार्रवाई में भी सुरक्षा बलों ने सात चरमपंथियों को ढेर कर दिया था। नई कार्रवाई को सुरक्षा बलों की एक बड़ी जवाबी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है, जिससे इलाके में सक्रिय प्रतिबंधित संगठनों को तगड़ा झटका लगा है। सिराज/ईएमएस 18मई26