सतीशन के सीएम की शपथ लेते ही, विजयन व विरोधियों ने ताली बजाकर किया स्वागत तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। केरल में देश की राजनीति में मर्यादा और सौहार्द का नया पैमाना सेट कर दिया है। हालिया विधानसभा चुनाव में जिस वामपंथी मोर्चे (एलडीएफ) को जनता ने सत्ता की कुर्सी से बेदखल कर दिया, उसी कम्युनिस्ट सरकार के निवर्तमान सीएम पिनराई विजयन सोमवार को नए सीएम के राजतिलक में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) के कद्दावर नेता वी डी सतीशन ने जैसे ही केरल के नए सीएम के रूप में पद की शपथ ली, तो सामने बैठे उनके विरोधी नेताओं और पूरे विपक्ष ने दिल खोलकर तालियां बजाईं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह केरल के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है। अमूमन चुनावी नतीजों के बाद कड़वाहट और बयानों के जो तीखे तीर चलते हैं, आज वह पूरी तरह गायब थे। रिपोर्ट के मुताबिक जैसे ही पूर्व सीएम पिनराई विजयन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, नए सीएम सतीशन ने खुद आगे बढ़कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों धुर विरोधी नेताओं को इस तरह एक-दूसरे का हाथ थामे देखकर पूरा स्टेडियम कार्यकर्ताओं की आर्तनाद और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक और दुर्लभ पल की गवाह केवल वामपंथी पार्टी ही नहीं, बल्कि बीजेपी भी बनी। एक वीडियो फुटेज के मुताबिक बीजेपी के नेता राजीव चंद्रशेखर और सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम एक साथ केरल शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंचे। जब राज्यपाल ने वी डी सतीशन को सीएम पद की शपथ दिलाई, तो इन विपक्षी नेताओं ने मुस्कुराकर और ताली बजाकर नए सीएम का स्वागत किया। सतीशन और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश चेन्निथला ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर विपक्ष के सौहार्दपूर्ण रवैये का विशेष रूप से आभार जताया। इस बेमिसाल राजनीतिक तालमेल के बीच वी डी सतीशन के नेतृत्व वाले 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी गोपनीयता की शपथ ली। इस नई कैबिनेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें खुद सीएम समेत 14 चेहरे ऐसे हैं, जो पहली बार मंत्री पद की शपथ ले रहे थे। सतीशन ने मंत्रियों की फाइनल लिस्ट पहले ही राजभवन को सौंप दी थी, जिसके बाद अब मंत्रालयों के विभागों का बंटवारा होना तय है। इस नई सरकार में युवाओं और महिलाओं को भी पूरा प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसके तहत मंत्रिमंडल में दो महिला मंत्रियों को शामिल किया गया है। केरल में भारी बहुमत से सरकार बनाने वाले यूडीएफ गठबंधन के भीतर मंत्रालयों और पदों का बंटवारा बहुत सलीके से किया गया है। नई कैबिनेट में कांग्रेस के कोटे से सीएम समेत 12 मंत्री बनाए जा रहे हैं, जबकि मुस्लिम लीग के 5 मंत्री बने हैं। इसके अलावा केरल कांग्रेस, आरएसपी, सीएमपी और केरल कांग्रेस (जैकब) के एक-एक मंत्री बने। रिपोर्ट के मुताबिक सरकार चलाने के लिए ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला तय किया गया है, जिसके तहत कांग्रेस और मुस्लिम लीग ढाई साल पूरे होने के बाद अपने कोटे से एक-एक मंत्री बदलेंगी। वहीं थिरुवंचूर राधाकृष्णन नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। कम्युनिस्टों को सत्ता से बेदखल कर मिली इस प्रचंड जीत का गवाह बनने के लिए कांग्रेस आलाकमान विशेष रूप से तिरुवनंतपुरम पहुंचा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल एयरपोर्ट से सीधे सेंट्रल स्टेडियम पहुंचे। जब राहुल गांधी ने मंच पर बैठे पूर्व सीएम पिनराई विजयन, बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर और सीपीआई के बिनॉय विश्वम से हाथ मिलाया, तो लोकतंत्र की यह खूबसूरत तस्वीर कैमरों में कैद हो गई। सतीशन ने मीडिया से चुटीले अंदाज में कहा कि सरकारी गजट नोटिफिकेशन आने दीजिए, केरल की जनता को आगे विकास के कई बड़े सरप्राइज देखने को मिलेंगे। सिराज/ईएमएस 18मई26