राष्ट्रीय
18-May-2026
...


कॉल का नंबर और लोकेशन ट्रेस, आरोपी सोहन सिंह रावत गिरफ्तार हरिद्वार,(ईएमएस)। उत्तराखंड के पवित्र तीर्थ स्थल हरिद्वार में सोमवार को उस समय भारी सनसनी और दहशत फैल गई, जब एक अज्ञात कॉलर ने प्रसिद्ध हर की पौड़ी घाट को बम से उड़ाने की धमकी दी। पुलिस के आपातकालीन नंबर पर आए कॉल के बाद पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के लिहाज से धार्मिक स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर आ गया। अधिकारियों के मुताबिक नशे में धुत एक व्यक्ति ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया और दावा किया कि चार दिनों के अंदर हर की पौड़ी और कई अन्य जगहों पर बम धमाके किए जाएंगे। इस कॉल के बाद पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखा गया और तत्काल कई टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। कॉलर का फोन नंबर और लोकेशन ट्रेस कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है; उसकी पहचान पौड़ी जिले के यमकेश्वर निवासी सोहन सिंह रावत (30) के रूप में हुई है। पूछताछ में उस व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में यह धमकी दी थी। हरिद्वार नगर कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को जेल भेज दिया है। हरिद्वार के एसएसपी ने भी इस घटना के संबंध में एक बयान जारी किया है। बता दें हर की पौड़ी हरिद्वार का सबसे पूजनीय घाट है और यह पूरे भारत तथा विदेशों से आने वाले तीर्थयात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। सिराज/ईएमएस 18मई26