राष्ट्रीय
18-May-2026
...


मुंबई,(ईएमएस)। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने देश में ईंधन की किल्लत, नीट पेपर लीक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावार है। उद्धव सेना के नेता ने सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष कर कहा कि पीएम जहां भी जाते हैं, वहां का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त कर अवॉर्ड लेने की सेंचुरी पूरी कर रहे हैं। नीदरलैंड या नॉर्वे जैसे किसी भी देश में उन्हें सम्मान मिल जाता है। लेकिन देशवासियों को क्या मिल रहा है? राउत के अनुसार, जनता को बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और बदहाल कानून-व्यवस्था का अवॉर्ड मिल रहा है। भाजपा पर तंज कसते हुए शिवसेना यूबीटी के नेता राउत ने पूछा कि इन सम्मानों का आखिर जनता के लिए क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री मोदी जगत भ्रमण कर रहे हैं और कई देशों की यात्रा पर निकले हैं, वहीं दूसरी तरफ जनता से घर से बैठकर काम करने को कहा जा रहा है। राउत ने सवाल किया कि आखिर प्रधानमंत्री मोदी कितनी बार जगत भ्रमण करना चाहते हैं। राउत ने नीट पेपर लीक मामले में भी भाजपा सरकार की घेराबंदी कर कहा कि एनटीए या आईआईटी जैसी सभी संस्थाएं भाजपा के कब्जे में हैं, इसके बाद पेपर लीक की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने सीधे तौर पर शिक्षा मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेने की मांग की, क्योंकि उनके अनुसार, सभी लोग भाजपा से ही जुड़े हैं। वहीं ईंधन संकट को लेकर राउत ने आरोप लगाया कि चुनाव तक देश में कोई समस्या नहीं थी, लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म हुए, ईंधन की किल्लत सामने आ गई है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और उन्होंने पहले ही ऐसी स्थिति की भविष्यवाणी कर दी थी। पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाकर राउत ने कहा, मोदी कहां हैं? वह 7 देशों की यात्रा पर हैं और भाजपा उनके नीदरलैंड में हुए स्वागत का जश्न मना रही है, जबकि उन्हें देश के भीतर की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। मोदी सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाकर राउत ने पूछा कि प्रधानमंत्री ईरान युद्ध पर बात क्यों नहीं कर रहे हैं और रूस से तेल खरीदने में क्या दिक्कत है? उन्होंने कटाक्ष कर पूछा कि क्या भारत ट्रंप-निर्भर हो गया है और क्या ट्रंप ने भारत को इसके लिए मना किया है? राउत ने कहा कि यह सरकार अचानक संकट में होने का दावा कर रही है, जिसकी भविष्यवाणी विपक्ष ने पहले ही कर दी थी। आशीष दुबे / 18 मई 2026