पुलिस ने 6 चोरी की बाइक समेत 5 शातिरों को दबोचा फिरोजाबाद (ईएमएस)। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने चेकिंग के दौरान 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से 6 चोरी की मोटरसाइकिल, कटे हुए पार्ट्स, एक अवैध तमंचा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई 17/18 मई 2026 की रात प्रतापपुर रोड पर रुपनगर के पास खाली मैदान में हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन और व्यक्ति चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर यह गिरफ्तारी की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कन्हैया निवासी जरेला थाना जसराना, अवधेश उर्फ बाबा निवासी मोहिनीपुर थाना शिकोहाबाद, राजेश उर्फ लालू निवासी नगला कलू थाना जसराना, रोहित निवासी आवास विकास कॉलोनी शिकोहाबाद मूल निवासी एटा और अशरफ निवासी मोहल्ला शीशपुरी थाना जसराना के रूप में हुई है। पूछताछ में कन्हैया, अवधेश और राजेश ने बताया कि वे अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी करते थे और रोहित व अशरफ को दे देते थे। रोहित और अशरफ बाइकों को खोलकर पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे और बचा सामान कबाड़ में बेचकर पैसे बांट लेते थे। बरामद 6 बाइकों में से एक बाइक थाना शिकोहाबाद में कोतवाली में दर्ज मुकदमे से जुड़ी मिली है। आरोपियों ने थाना नारखी क्षेत्र से भी बाइक चोरी करने की बात कबूली है। निशानदेही पर ग्राम नूरपुर थाना जसराना की एक दुकान से चोरी की बाइकों के भारी मात्रा में खुले पार्ट्स बरामद हुए। इसमें पेट्रोल टंकी, शॉकर, इंजन पार्ट्स, टायर, रिम, साइलेंसर और नंबर प्लेट शामिल हैं। पुलिस उपाधीक्षक अम्बरीश कुमार बताया कि इस संबंध में थाना शिकोहाबाद पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। - ईएमएस फिरोजाबाद