क्षेत्रीय
18-May-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)। शहरवासियों को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ नगर पालिका प्रशासन अमृत 2.0 योजना को धरातल पर उतारने में जुटा है। योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में नई पानी की टंकियों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इसी क्रम में, सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मानोरिया ने शिव टोरिया स्थित निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। नगर पालिका अध्यक्ष मानोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृत 2.0 के तहत शहर के कई वार्डों में पानी की किल्लत दूर करने के लिए पानी की टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से शिव टोरिया, ऊर्जा कॉलोनी, त्रिलोकपुरी कॉलोनी, नवीन बस स्टैंड के पास, ईदगाह के पास पानी की टंकियो का निर्माण चल रहा है। निरीक्षण के दौरान, शिव टोरिया में चल रहे कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहाँ टंकी की छत डालने (स्लैब कास्टिंग) का कार्य प्रगति पर है। श्री मानोरिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और संविदाकारों को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन टंकियों का कार्य निर्धारित मानक और गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इन टंकियों का निर्माण कार्य पूर्ण होते ही शहर की पेयजल व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार आएगा। विशेषकर ऊर्जा कॉलोनी, त्रिलोकपुरी कॉलोनी, नवीन बस स्टैंड के पास और ईदगाह क्षेत्र के निवासियों को अब पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यह सभी टंकियां क्षेत्रवासियों के लिए अमृत समान साबित होंगी और शहर से पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। ईएमएस/ ओमप्रकाश रघुवंशी/ 18 मई 2026