- ज्वेलरी कारोबारी समेत दो गिरफ्तार दुर्ग(ईएमएस)। जिले में स्क्रैप कारोबारी के घर से करीब 60 लाख रुपये के गहने चोरी होने के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के गहने खरीदने वाले ज्वेलरी शॉप संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लाख रुपये मूल्य का 400 ग्राम सोना और 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, भिलाई के नेहरू नगर निवासी स्क्रैप कारोबारी विनय अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान सुपेला थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटना स्थल और आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुलिस टीम मेरठ और दिल्ली तक पहुंची। मेरठ में आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर बिलासपुर से एक्टिवा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में रेकी करता था। आरोपी दिन के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना से कुछ दिन पहले रायपुर के मौदहापारा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। वहां से वे दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और नया रायपुर सहित कई शहरों में दरी, गलीचा और कारपेट बेचने वाले फेरीवालों के रूप में घूमकर मकानों की रेकी करते थे। घर के बाहर ताला लगे मकानों को चिन्हित कर वारदात को अंजाम दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा मकान के अंदर चोरी करता था। चोरी किए गए गहनों को मेरठ स्थित ज्वेलरी कारोबारी सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। पुलिस ने ज्वेलरी संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर भिलाई लाया है। पूछताछ में आरोपियों ने तिफरा (बिलासपुर), नया रायपुर और मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। फिलहाल मामले का एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)19 मई 2026