- जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा कर दिए निर्देश, प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल टैंकर से पानी पहुंचाने की हिदायत इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज शहर की जलप्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बीजलपुर स्थित नर्मदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कंट्रोल रूम से ही दूरभाष (फोन) के माध्यम से जलप्रदाय विभाग से जुड़े सभी सहायक यंत्रियों से सीधे चर्चा की। उन्होंने नर्मदा जलप्रदाय से जुड़ी पानी की टंकियों की वर्तमान स्थिति और शहर में चल रही जल वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त सिंघल ने शहर में टैंकरों के माध्यम से किए जा रहे जल वितरण की भी सघन समीक्षा की। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शहर के जिस भी क्षेत्र में किसी तकनीकी या अन्य कारण से पाइपलाइन के जरिए जल आपूर्ति प्रभावित होती है, वहां बिना किसी देरी के तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने हाइड्रेंट से टैंकर भरने की पूरी प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग (निगरानी) सुनिश्चित करने के निर्देश भी मातहत अधिकारियों को दिए, ताकि पानी के वितरण में पारदर्शिता और गति बनी रहे। प्रकाश/19 मई 2026