क्षेत्रीय
19-May-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुरी में वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद विवाद गहरा गया है। कार्रवाई से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण सोमवार को धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं का भी समर्थन मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम बिना पूर्व सूचना और पर्याप्त समझाइश के गांव में पहुंची और लोगों को उनके घरों से जबरन बाहर निकाला गया। इससे गांव में तनाव और भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान धक्का-मुक्की और बल प्रयोग की स्थिति बनी, जिससे कई लोगों को चोटें आई हैं। यह पूरा मामला उदंती-सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जैतपुरी का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गरियाबंद से आई वन विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों और वन अमले के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब डीएफओ मौके पर मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि इस दौरान डीएफओ और वन विभाग की टीम के बीच विवाद की स्थिति बनी और गांव में अव्यवस्था फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग पर मारपीट और जबरन कार्रवाई के आरोप लगाए हैं, जबकि विभाग की ओर से लगाए गए आरोपों को ग्रामीणों ने सिरे से खारिज कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई एकतरफा थी और इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। वहीं वन विभाग की ओर से यह दावा किया गया है कि कार्रवाई नियमों के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए की जा रही थी, लेकिन मौके पर विरोध और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी ग्रामीणों का समर्थन करते हुए प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन नियंत्रण में है। - (ईएमएस) 19 मई 2026