राज्य
19-May-2026


:: विधवा, विधुर, तलाकशुदा और अधिक उम्र के युवाओं के लिए अनूठी पहल, वरिष्ठों के मार्गदर्शन में समितियां गठित :: इंदौर (ईएमएस)। मप्र वैश्य महासम्मेलन द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत एक अनूठी पहल करते हुए अगले माह वैश्य समाज के विधवा, विधुर, तलाकशुदा, दिव्यांग और 32 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्याशियों के लिए वृहद स्तर पर परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सामान्य परिचय सम्मेलनों से हटकर आयोजित होने वाले इस विशेष समागम के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इससे पूर्व गत वर्ष संगठन द्वारा 1 जून को रवीन्द्र नाट्य गृह में ऐसा ही सफल आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 2 हजार प्रत्याशियों ने सहभागिता की थी और 50 से अधिक रिश्ते तय हुए थे। महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री अरविन्द बागड़ी, नगर अध्यक्ष धीरज खंडेलवाल, सम्मेलन संयोजक राजेश गर्ग एवं शिव जिन्दल ने बताया कि वैश्य समाज के घटकों में विवाह की बढ़ती उम्र के साथ ही तलाक के बढ़ते मामले चिंता का बड़ा कारण बने हुए हैं। मप्र वैश्य कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष व वरिष्ठ समाजसेवी गिरीश अग्रवाल ने भी कई अवसरों पर इस गंभीर विषय पर चिंता व्यक्त की है। विशिष्ट श्रेणी के इन प्रत्याशियों के लिए जीवनसाथी का चयन बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, जिसे सुगम बनाने के लिए वरिष्ठ समाजसेवी गिरीश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल (एमराल्ड समूह), प्रेमचंद गोयल एवं दिनेश मित्तल के मार्गदर्शन में यह खाका तैयार किया गया है। सम्मेलन का विवरण देशभर के वैश्य संगठनों को भेजा जा रहा है, जिससे इस बार भी 2 हजार से अधिक प्रविष्टियाँ आने की उम्मीद है। इस गरिमामयी आयोजन के दौरान वरिष्ठ समाजसेवियों की उपस्थिति में “विवाह की बढ़ती उम्र एवं तलाक के बढ़ते मामलों” जैसे ज्वलंत विषय पर एक विस्तृत परिचर्चा भी होगी। सम्मेलन में अग्रवाल, माहेश्वरी, श्वेताम्बर-दिगम्बर जैन, मेढ़तवाल, नागर चित्तोड़ा महाजन, मोढ गहोई वैश्य, विजयवर्गीय, नीमा, पोरवाल सहित 25 से अधिक वैश्य घटकों के पदाधिकारियों से सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रविष्टियाँ भिजवाने का आग्रह किया गया है। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जल्द ही विभिन्न व्यवस्था समितियों का गठन कर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। प्रकाश/19 मई 2026