राज्य
19-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) शहर के प्रसिद्ध निजी पर्यटन स्थल चोखी ढाणी के तीन मैनेजरों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि खंडवा रोड स्थित इस निजी पर्यटन स्थल पर ठहरने वाले लोगों की जानकारी नहीं दी गई थी। जिसके बाद तीन मैनेजरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डीएसपी उमाकांत चौधरी के अनुसार थाना सिमरोल इलाके में स्थित चोखी ढाणी का कल शाम निरीक्षण कर वहां कमरों में रुकने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली और रजिस्टर आदि की जांच की गई। जांच में पाया गया कि 13 कमरों में 31 महिला-पुरुष और 5 बच्चे ठहरे हुए हैं, लेकिन चोखी ढाणी प्रबंधन ने इसकी सूचना थाना सिमरोल को नहीं दी थी। इस पर माना गया कि कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने वहां के मैनेजर पुनीत पाठक, रिजर्वेशन व सेल्स मैनेजर ध्यानचंद आर्य और फ्रंट ऑफिस मैनेजर राहुल पिता रवींद्र तायडे के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 19 मई 2026