राज्य
19-May-2026


इन्दौर (ईएमएस) आमने सामने रहने वाले पड़ोसियों के बच्चों में हुए विवाद में शुरू हुई बड़ों के बीच कहासुनी में एक पड़ोसी में देशी कट्टे से फायर करते दूसरे पड़ोसी को गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। मामला खजराना थाना क्षेत्र का है और पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार विवाद और गोली चलने की यह घटना कल देर रात अशरफी नगर में हुई। हमले में घायल का नाम वसीम निवासी अशरफी नगर हैं। उसकी रिपोर्ट पर आरोपी इरशाद और साहिल के खिलाफ जान लेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया गया। गोली चलने से इलाके में सनसीन फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर तत्काल पहुंच गई थी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी और फरियादी आमने-सामने रहते हैं। इनके बीच बच्चों के झगड़े को लेकर कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई थी। इस दौरान आरोपियों ने देशी कट्टे से वसीम पर फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से देशी कट्टे के संदर्भ में पूछताछ की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 19 मई 2026