आने वाला है आर्थिक तूफान, आम जनता होगी तबाह रायबरेली(ईएमएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिन के यूपी दौरे पर हैं। मंगलवार को रायबरेली में उन्होंने कहा कि आर्थिक तूफान अब आने वाला है। पीएम मोदी ने अदाणी और अंबानी वाला जो आर्थिक ढांचा बनाया है, वह खड़ा नहीं हो पाएगा, बल्कि पूरा टूटेगा। दुख की बात है कि इसका नुकसान आम जनता को होगा। राहुल गांधी ने कहा कि यूपी की जनता को शॉक लगेगा। आर्थिक शॉक आ रहा है। वह अदाणी, अंबानी या पीएम मोदी को नहीं लगेगा। वह यूपी के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को लगेगा। बहुत कठिन समय आ रहा है। एक्शन लेने की बजाए प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाइए, जबकि प्रधानमंत्री मोदी खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं। राहुल ने कहा कि हम आपके साथ खड़े हैं। जहां भी आप जाएंगे, मुझे बुला लीजिए, मैं आपके साथ रहूंगा। मैं जनता के साथ खड़ा हूं, जनता के साथ दिखाई देता हूं और जनता से प्यार करता हूं। आप देख लीजिए, देश के तमाम बड़े नेता मोदी जी, अमित शाह जी, गडकरी सभी अंबानी जी की के घर शादी में गए थे। राहुल गांधी वहां कभी नहीं जाएंगे। मैं यह संदेश दे रहा था कि मैं भी आप लोगों के बीच आना चाहता हूं, आपके घरों में आना चाहता हूं। आपने मेरा समर्थन किया, आपने बारात घर की मांग की थी, हमने आपको बारात घर भी दे दिया। अगली बार जब यहां शादी होगी तो मुझे जरूर बुलाइए, मैं जरूर आऊंगा। हमारा रिश्ता प्यार का है, दिल का रिश्ता है, परिवार जैसा रिश्ता है। जनता मेरे लिए माता-पिता, दादी, बहन और भाई जैसी है। ...और खुद विदेश चले गए राहुल ने कहा- नरेंद्र मोदी कहते है कि सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदो, विदेश मत जाओ। इतना कहने के बाद नरेंद्र मोदी विदेश चले जाते हैं। दुख की बात है कि अब जबरदस्त आर्थिक तूफान आने वाला है, जिसको कोई रोक नहीं सकता। ऐसा आर्थिक तूफान आने वाला है, जो आपने हमने कभी जिंदगी में नहीं देखा होगा। इसकी चोट किसको लगेगी। अंबानी-अदाणी अपने महलों में बैठे रहेंगे। उनके महलों में चारों ओर सिक्योरिटी होगी। हिंदुस्तान के मजदूर, युवाओं, छोटे व्यापारियों को चोट लगेगी। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने आपसे जो वादा किया था, वह पूरा किया। देश की बात करते हुए राहुल ने कहा कि जनता का पैसा, मजदूरों का पैसा, किसानों का पैसा, पीएम नरेंद्र मोदी ने अंबानी और अदाणी को दे दिया। उन्होंने छोटे व्यापारियों से पैसा खींचकर अपने मित्रों को दे दिया। विनोद उपाध्याय / 19 मई, 2026