नक्सल उन्मूलन अभियान में कांग्रेस सरकार ने नहीं की मदद जगदलपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में जगदलपुर में हुई इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। बैठक में राज्यों के विकास के साथ-साथ गंभीर सामाजिक और सुरक्षा मुद्दों पर कड़े फैसले लिए गए हैं। बैठक में चारों राज्यों में अपराध नियंत्रण, विशेषकर महिलाओं के उत्पीडऩ और रेप जैसे मामलों पर जल्द फैसले लेने पर चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, बस्तर में अब भय का माहौल समाप्त हो चुका है। हर जगह उत्साह, विश्वास नजर आ रहा है। हम सबके लिए गर्व का विषय है कि बस्तर अब नक्सल मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा, नक्सल उन्मूलन अभियान में ढेर सारी नॉन बीजेपी सरकारों ने हमारा सहयोग किया है, लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस (भूपेश) सरकार ने हमारा सहयोग नहीं किया। प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा मौजूद थे। इससे पहले मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में राज्यों के बीच आपसी समन्वय, कानून व्यवस्था, सीमा विवाद, परिवहन, बिजली, जल संसाधन और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में संयुक्त रणनीति और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल पर भी फोकस रहा। अमित शाह ने कहा कि जब हम पीछे मुडक़र देखते हैं तो पता चलता है कि बस्तर में विकास नहीं पहुंचने का कारण नक्सलवाद ही था। देश में कई सारे हिस्से ऐसे थे, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्र से भी ज्यादा पिछड़े हुए थे पर वहां नक्सलवाद नहीं था। वो क्षेत्र धीरे-धीरे आगे बढ़ गए मगर हमारा बस्तर जस का तस रहा। 19 मई 2026 की ये तिथि है, जहां से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में संपूर्ण विकास की परिकल्पना को लॉन्च किया जा रहा है। बस्तर को अब देश का सबसे विकसित आदिवासी संभाग बनाया जाएगा। अब तेजी से होगा बस्तर का विकास केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, नक्सलवाद के कारण पूरा क्षेत्र विकास से कोसो दूर रह गया था। रोजगार की दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं था। न गांव में बिजली पहुंची न पानी पहुंचा। अब सारी व्यवस्था सेवा डेरा के माध्यम से पूरे बस्तर में होगी। हमारे जवानों की साहस, बलिदान के कारण बस्तर अब नक्सल मुक्त हो चुका है। अब तेजी से बस्तर का विकास होगा। इसके पहले भी प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में बस्तर के विकास के लिए कई सारे काम कर चुके हैं। जगदपुर में खुलेगा 240 बिस्तर वाला हॉस्पिटल अमित शाह ने कहा, हमने 20 हजार 557 करोड़ की लागत से 12 हजार 211 किलोमीटर सडक़ का निर्माण पूरा कर दिया है। टोटल 13 हजार मोबाइल टावर का प्लानिंग किया है, जिसमें से 5 हजार मोबाइल टावर नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र में लग चुके हैं। 1804 बैंक की शाखाएं खुली है। 1321 एटीएम खुल चुके हैं और 800 पोस्ट ऑफिस खोलने का काम भी समाप्त हो चुका है। 259 एकलव्य स्कूल, 46 आईटीआई, 49 स्कील डेवलपमेंट सेंटर बस्तर में खुल चुके हैं। युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। 240 बिस्तर वाला हॉस्पिटल जगदपुर में खुलेगा, जिसका भूमिपूजन कल किया गया। अब बस्तरवासियों को भय से जीने की जरूरत नहीं है। विकास का रास्ता प्रशस्त हो रहा है। खेलों से जोडऩे बस्तर ओलंपिक का हो रहा आयोजन अमित शाह ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में आदिवासी संस्कृति को बचाने के लिए बस्तर पंडुम का आयोजन किया जा रहा है। खेलों से जोडऩे बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। दूसरी बार आयोजि बस्तर ओलंपित में 3 लाख 64 हजार खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था। इसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी भाग लिया था। विनोद उपाध्याय / 19 मई, 2026