नरसिंहपुर,(ईएमएस)!. जिला आपूर्ति अधिकारी नरसिंहपुर ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य संचालित है। खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान गेहूं खरीदी केन्द्र वेयर हाउस लाठगांव खरीदी संस्था बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति बंधा की जांच की गई। जांच के दौरान गेहूं उपार्जन कार्य में किसानों से अधिक तौल एवं अनाधिकृत रूप से शासकीय वारदानों का अन्य व्यक्तियों को प्रदान करने और खरीदी केन्द्र में 152 शासकीय बोरियों में गेहूं का अनाधिकृत संग्रहण पाया गया। इस पर बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति सिवनी बंधा के समिति प्रशासक द्वारा खरीदी केन्द्र बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समिति सिवनी बंधा तहसील गोटेगांव के समिति प्रबंधक एवं खरीदी प्रभारी श्री चोखेलाल यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उपार्जन कार्य से पृथक किया गया है। उन्होंने बताया कि खरीदी केन्द्र के नोडल अधिकारी पटवारी तहसील गोटेगांव श्री शिव कुमार मेहरा उपस्थित नहीं पाए गए। इस पर उन्हें पृथक से कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। खरीदी केन्द्र स्थल जयश्री वेयर हाउस लाठगांव के परिसर में सीसीटीवी कैमरा बंद पाए जाने पर गोदाम संचालक एवं शाखा प्रबंधक मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कार्पोरेशन से भी स्पष्टीकरण लिया जा रहा है। जिले में संचालित सभी 69 गेहूं खरीदी केन्द्रों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि खरीदी केन्द्र में मानक गुणवत्ता एवं सही वजन का ही गेहूं क्रय किया जाए। गेहूं खरीदी के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन से जो वारदानें प्राप्त हो रहे हैं, उसका सही लेखा-जोखा रखा जाए। अन्यथा जांच के दौरान इस तरह के तथ्य संज्ञान में आने पर रबी विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत समर्थन मूल्य के लिए जारी दिशा- निर्देशों के तहत कठोर अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। खरीदी केन्द्र के सभी नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खरीदी केन्द्रों का नियमित रूप से भ्रमण कर उपार्जन कार्य में सम्पूर्ण नियंत्रण रखा जाए। खरीदी केन्द्र में अनुपस्थित पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 19 मई 2026