क्षेत्रीय
19-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर लंबी दूरी की ट्रेनों का बढ़ता दबाव कम करने के लिए पश्चिम रेलवे ने बड़ा विस्तार प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसी के तहत बांद्रा पूर्व स्थित गरीब नगर झोपड़पट्टी और आसपास के अनधिकृत निर्माणों पर मंगलवार दिनांक 19 मई से पांच दिन तक चलने वाला व्यापक तोड़क अभियान शुरू किया गया। यह कार्रवाई पश्चिम रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में की जा रही है। रेलवे का मुख्य उद्देश्य वांद्रे टर्मिनस की क्षमता बढ़ाकर अधिक लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन करना है। रेलवे के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र में मध्य और पश्चिम रेलवे मार्गों पर करीब 50 अतिरिक्त लंबी दूरी की ट्रेनें शुरू करने की योजना है। इसके लिए नए प्लेटफॉर्म और अतिरिक्त टर्मिनल की जरूरत महसूस की जा रही है। तोड़क कार्रवाई के बाद खाली होने वाली जमीन का इस्तेमाल सबसे पहले वांद्रे टर्मिनस के डीजल शेड को हटाने के लिए किया जाएगा। डीजल शेड स्थानांतरित होने के बाद टर्मिनस का विस्तार किया जाएगा और मौजूदा 7 प्लेटफॉर्म से आगे नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। बताया गया है कि यह अभियान 19 मई से 23 मई तक लगातार चलेगा। फिलहाल पश्चिम रेलवे के प्रमुख टर्मिनलों की स्थिति इस प्रकार है: - बांद्रा टर्मिनस: 7 प्लेटफॉर्म, रोजाना लगभग 21 लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन - मुंबई सेन्ट्रल स्टेशन : 5 प्लेटफॉर्म, रोजाना 20 ट्रेनें - दादर रेलवे स्टेशन: 2 प्लेटफॉर्म, रोजाना 10 ट्रेनें रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस विस्तार परियोजना से भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और मुंबई के रेलवे नेटवर्क पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। संजय/संतोष झा- १९ मई/२०२६/ईएमएस