मुंह बांधकर गुजरती युवतियां। शाजापुर (ईएमएस)। अंचल में भीषण गर्मी ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए विकराल रूप धारण कर लिया है। आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती गर्म हवाओं के कारण जिले का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। यही कारण है कि दोपहर होते ही मानों शहर में कर्फ्यू जैसे हालात बन रहे हैं और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। मौसम के जानकार सत्येंद्र धनोतिया ने क्षेत्र के मौसम को लेकर बेहद चौंकाने वाले आंकड़े जारी किए हैं। उनके मुताबिक मंगलवार को शाजापुर का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ 45.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिसने इस सीजन की सबसे तगड़ी तपिश का अहसास कराया। केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब भट्टी की तरह तप रही हैं, क्योंकि न्यूनतम तापमान भी उछलकर 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके चलते लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से कोई राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विशेषज्ञ धनोतिया ने बताया कि वर्तमान में 14 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं सीधे तौर पर लू के थपेड़ों में तब्दील हो चुकी हैं। इन सूखी और गर्म हवाओं के कारण वायुमंडल में आर्द्रता यानी नमी का ग्राफ गिरकर महज 22 प्रतिशत पर सिमट गया है। हवा में नमी बेहद कम होने से यह शुष्क गर्मी त्वचा को झुलसाने वाली साबित हो रही है। आने वाले दिनों में भी इस भीषण तपिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है, इसलिए डॉक्टरों ने भी लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने और लगातार पानी पीते रहने की सख्त हिदायत दी है। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 19 मई 2026