* तय समय से पहले आ सकता है मानसून मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद अब मुंबई में बारिश की दस्तक होने वाली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस शुक्रवार से मुंबई और आसपास के इलाकों में प्री-मानसून बारिश शुरू होने की संभावना है। ऐसे में अब मुंबईवासियों को घर से निकलते समय छाता साथ रखना पड़ सकता है। हवामान विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण कोंकण में पिछले 48 से 72 घंटों से प्री-मानसून बारिश हो रही है। अब यह बारिश उत्तर की ओर बढ़ रही है और सप्ताह के अंत तक मुंबई पहुंच सकती है। इससे शहर के तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं कोंकण तट पर मौसम तेजी से बदल रहा है। दक्षिण कोंकण के कई इलाकों में पिछले 2-3 दिनों से बारिश दर्ज की गई है। यही मौसम प्रणाली अब मुंबई और उत्तर कोंकण की ओर बढ़ रही है, जिससे मुंबई में भी अच्छी बारिश की संभावना बन गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मानसून सामान्य से पहले दस्तक दे सकता है। अनुमान है कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है, जबकि इसकी सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है। यदि मानसून की रफ्तार इसी तरह बनी रही, तो महाराष्ट्र में 2 जून और मुंबई में 5 जून तक मानसून पहुंच सकता है। आमतौर पर मुंबई में मानसून 11 जून तक पहुंचता है। * पिछले 10 वर्षों में मानसून का बदलता ट्रेंड मुंबई में मानसून के आगमन की तारीखों में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। साल 2024 में मानसून 26 मई को मुंबई पहुंचा था, जो पिछले 75 वर्षों में सबसे जल्दी आगमन माना गया। वहीं 2023 में बिपरजॉय चक्रवात के कारण मानसून 25 जून को पहुंचा था, जो सबसे देरी से आने वाला मानसून था। जबकि 2022 में मानसून 11 जून, 2021 में 9 जून और 2020 में 14 जून को मानसून मुंबई पहुंचा था। संजय/संतोष झा- १९ मई/२०२६/ईएमएस