- इस तरह जलती रही आग। शाजापुर (ईएमएस)। बिजली ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 8 बजे शहर के विजयनगर क्षेत्र में सांदीपनी स्कूल के पास एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। आग लगते ही ट्रांसफार्मर से तेज चिंगारियां निकलने लगीं और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही बिजली कंपनी का अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित कर कुछ ही देर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मरों के नीचे अक्सर सूखी घास, कचरा और ज्वलनशील सामग्री जमा रहती है, जो आग का मुख्य कारण बनती है। रहवासियों ने बिजली कंपनी से मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए ट्रांसफार्मरों के आसपास नियमित साफ-सफाई कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 19 मई 2026