राज्य
19-May-2026


शाजापुर (ईएमएस)। जिला स्तरीय सलाहकार समिति (डीएलसीसी) की बैठक 21 मई 2026 को शाम 4.00 बजे एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक 21 मई को शाम 4.30 बजे कलेक्टर कार्यालय शाजापुर के सभाकक्ष में आयेजित की जाएगी। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 19 मई 2026 शाजापुर में आधार केन्द्र पर अवैध वसूली एवं अन्य स्थान पर केंद्र संचालन करने का मामला सामने आया है। केंद्र संचालक संदीप राठौर द्वारा शहरी हाईवे पर स्थित जिला शिक्षा विभाग कार्यालय में केन्द्र खोलने की अनुमति ली और उनके द्वारा जनपद पंचायत शाजापुर में केन्द्र को संचालित किया जा रहा है। पहली बार आधार कार्ड बनने पर शासन के निर्देशानुसार कोई राशि नहीं ली जाती है लेकिन संदीप राठौर के द्वारा संचालित आधार केन्द्र पर 150 रुपए की राशि वसूल की जा रही है। पहली बार आधार बनने पर केन्द्र संचालक को 100 रूपए की राशि का भुगतान सरकार के द्वारा किया जाता है, इसके बाद भी खुलेआम आधार कार्ड बनने पर अवैध वसूली की जा रही है। इस मामले में जिला ई गवर्नेंस प्रबंधक ने जांच करवाकर कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए हैं। शाजापुर निवासी मोहसिन मिर्जा अपने बेटे मेहनाज बेग का आधार कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायत में संचालित संदीप राठौर के आधार सेंटर पर पहुंचे, वहां बैठे कर्मचारी ने आधार कार्ड बनवाने के लिए 150 रुपए की मांग की। उनके द्वारा कर्मचारी को बताया गया पहली बार बच्चों के आधार कार्ड बनने पर कोई राशि नहीं ली जाती है,ये निशुल्क बनते हैं। यूनिक आइडेंटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा पहली बार आधार बनाएं जाने पर कोई शुल्क नहीं लिए जाने के निर्देश है, पहली बार बनने पर उसका भुगतान सरकार को करना होता है। उसके बाद भी कर्मचारी ने इनसे 150 रूपए की राशि वसूल की। मोहसिन मिर्जा ने इस पूरी घटना को खुफिया कैमरे में भी कैद किया, जिसमें कर्मचारी 150 रूपए की मांग कर उनसे यह राशि वसूल कर रहा है। आधार केन्द्रों पर हो रही अवैध वसूली जिले में संचालित अधिकांश आधार केन्द्रों पर संचालकों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। आधार कार्ड अप टू डेट, अंगुली का सत्यापन या नया आधार कार्ड हो इनके काम के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली जा रही है। नया आधार बनने पर कोई राशि नहीं,डेमोग्राफिक मोबाइल फीडिंग के लिए 75 रुपए और बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 125 रूपए का शुल्क सरकार द्वारा निर्धारित किया गया लेकिन किसी भी आधार पर इस संबंध कोई शुल्क सूची नहीं लगाई गई। केन्द्र संचालक अपनी मनमर्जी से नया आधार कार्ड बनाने के लिए 150 से 250 रूपए तक वसूल किए जा रहे हैं। जन्मतिथि परिर्वतन में नियमों का हवाला देकर मोटी रकम वसूल कर रहे हैं। पीड़ित मोहसिन मिर्जा ने बताया बेटे के आधार कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायत में स्थित संदीप राठौर के आधार केन्द्र पर गया था, वहां बैठे कर्मचारी ने 150 रूपए की मांग की। मेरे द्वारा बताया गया पहली बार आधार कार्ड निशुल्क बनता है लेकिन वह नहीं माना और 150 रूपए वसूल किए। इस पूरी घटना का वीडियो भी मेरे पास है। इस मामले में जिला ई गवर्नेंस प्रबंधक बिरमसिंह सौंधिया ने बताया यह मामला संदीप राठौर के आधार सेंटर का है, यहां पर 150 रूपए नए आधार कार्ड बनाने पर लिए गए हैं। वीडियो भी सामने आया है। जांच करके आधार केन्द्र पर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस आधार केन्द्र को जिला शिक्षा विभाग में अनुमति दी गई थी लेकिन यह जनपद पंचायत में कैसे संचालित हो रहा है,इसकी भी जांच होगी। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 19 मई 2026