राज्य
19-May-2026


देहरादून (ईएमएस)। देहरादून महानगर सिटी बस सेवा सोसाइटी ने आज प्रबंध निदेशक, देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड, उत्तराखंड परिवहन निगम को एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रेषित किया गया, जिसमें देहरादून महानगर क्षेत्र में सिटी बस संचालन के लिए रूपए 45 से रूपए 48 प्रति किलोमीटर की दर पर संचालन की अनुमति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया गया है। सोसाइटी के अध्यख विजय वर्धन डंडरियाल ने कहा कि अपने प्रस्ताव में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में नई दिल्ली स्थित इंटरैक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा देहरादून में प्रस्तावित 100 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु लगभग रूपए 57.57 प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत देहरादून महानगर सिटी बस सेवा समिति ने कम दर पर गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित सेवा उपलब्ध कराने की सहमति व्यक्त की है, जिससे निगम को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। इस दौरान सोसाइटी ने अपने 28 वर्षों के अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह देहरादून महानगर क्षेत्र की यात्री आवश्यकताओं, मार्गों एवं स्थानीय परिस्थितियों से भली भांति परिचित है तथा बेहतर एवं अधिक प्रभावी परिवहन सेवा प्रदान करने में सक्षम है। प्रस्ताव के प्रमुख बिंदुओं में प्रतिदिन न्यूनतम 150 किलोमीटर संचालन, अधिकतम 170 किलोमीटर तक भुगतान सीमा, जीपीएस आधारित किलोमीटर सत्यापन, समयबद्ध भुगतान व्यवस्था, नियमित फिटनेस एवं मेंटेनेंस, प्रशिक्षित चालक, निर्धारित समय सारणी का पालन तथा सभी वैधानिक औपचारिकताओं का अनुपालन शामिल है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/19 मई 2026