राष्ट्रीय
20-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सेहत के लिए फायदेमंद करेला की सब्जी की कडवाहट को कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर काफी हद तक कम किया जा सकता है, जिससे इसका स्वाद भी बेहतर हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार करेले में कुछ प्राकृतिक रसायन पाए जाते हैं, जो उसे कड़वा बनाते हैं। हमारी जीभ इन तत्वों को तुरंत पहचान लेती है, इसलिए इसका स्वाद तीखा और कड़वा महसूस होता है। हालांकि नमक, दही, हल्दी, प्याज और सरसों का तेल जैसे पदार्थ इन कड़वे तत्वों के असर को कम करने में मदद करते हैं। करेले की कड़वाहट कम करने के लिए नमक सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है। करेले पर नमक लगाने से उसमें मौजूद पानी बाहर निकलने लगता है। इसी पानी के साथ कड़वे तत्व भी धीरे-धीरे बाहर आने लगते हैं। कुछ देर बाद जब करेले को धो लिया जाता है, तो उसका स्वाद पहले की तुलना में काफी हल्का महसूस होता है। यही वजह है कि कई लोग पकाने से पहले करेले को नमक लगाकर कुछ समय के लिए छोड़ देते हैं। दही भी करेले का स्वाद संतुलित करने में अहम भूमिका निभाती है। दही की हल्की खटास जीभ पर कड़वे स्वाद को कम महसूस कराती है। साथ ही इसमें मौजूद लैक्टिक एसिड और अच्छे बैक्टीरिया करेले की ऊपरी परत पर असर डालते हैं, जिससे उसका स्वाद थोड़ा नरम हो जाता है। हल्दी का इस्तेमाल भी कड़वाहट कम करने के लिए किया जाता है। हल्दी की तेज खुशबू और इसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व खाने के स्वाद को संतुलित करने में मदद करते हैं। इसमें पाया जाने वाला करक्यूमिन स्वाद को हल्का और संतुलित बनाने में सहायक माना जाता है। प्याज के साथ पकाया गया करेला भी अधिक स्वादिष्ट लगता है। प्याज का प्राकृतिक मीठापन करेले की कड़वाहट को संतुलित कर देता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक जब मीठा और कड़वा स्वाद एक साथ महसूस होता है, तो कड़वाहट कम लगती है। इसके अलावा सरसों का तेल भी करेले के स्वाद को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसकी तेज खुशबू और तीखापन कड़वाहट को दबाने का काम करते हैं। सरसों के तेल में मौजूद प्राकृतिक तत्व खाने में अतिरिक्त स्वाद जोड़ते हैं, जिससे करेला अधिक स्वादिष्ट बन जाता है। मालूम हो कि करेला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद सब्जियों में गिना जाता है। यह शरीर में शुगर नियंत्रित रखने, पाचन बेहतर बनाने और वजन घटाने में मददगार माना जाता है। हालांकि इसका कड़वा स्वाद कई लोगों को पसंद नहीं आता, जिसके कारण वे इसे खाने से बचते हैं। सुदामा/ईएमएस 20 मई 2026