कोलकाता,(ईएमएस)। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम ने उनकी लगभग 17 संपत्तियों के अवैध हिस्सों को लेकर नोटिस जारी किया है, जिससे इन इमारतों पर ढहाने की कार्रवाई का खतरा मंडराने लगा है। जारी किए गए नोटिस में निगम ने अवैध निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की मांग की है और बिना अनुमति बने हिस्सों को हटाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने कोलकाता नगर निगम अधिनियम, 1980 की धारा 400(1) के तहत यह नोटिस भेजा है। इस आदेश के माध्यम से मकान मालिक को नियमों के खिलाफ जाकर या बिना स्वीकृति के बनाए गए सभी हिस्सों को 7 दिनों के भीतर खुद गिराने का अल्टीमेटम दिया गया है। नोटिस में संबंधित इमारतों के विस्तृत स्केच, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं की पूरी जानकारी भी मांगी गई है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में इन संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। दूसरी तरफ, नियमों के तहत मकान मालिकों को अपना पक्ष रखने का पूरा वैधानिक अवसर भी उपलब्ध कराया गया है। निगम के प्रावधानों के अनुसार, नोटिस का सामना कर रहे व्यक्ति के पास इसे कानूनी रूप से चुनौती देने का विकल्प मौजूद रहता है। उन्हें नगर निगम मुख्यालय में आयोजित होने वाली सुनवाई में यह स्पष्ट करना होगा कि उनके खिलाफ यह दंडात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। इस विशेष सुनवाई में स्पेशल ऑफिसर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ही कोई अंतिम फैसला लेते हैं। सुनवाई के पश्चात स्पेशल ऑफिसर के पास मुख्य रूप से दो वैधानिक रास्ते होते हैं। वे या तो बिना अनुमति के तैयार किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त करने का अंतिम आदेश जारी कर सकते हैं, अथवा निर्माण की गंभीरता को देखते हुए भारी जुर्माना लगाकर उसे कानूनी रूप से वैध घोषित कर सकते हैं। जिन संपत्तियों को रडार पर लिया गया है, उनमें से अधिकांश आवासीय प्रकृति की हैं। ये संपत्तियां कोलकाता के कालीघाट, गरियाहाट और पंडिटिया जैसे प्रमुख इलाकों में स्थित हैं। इनमें से कुछ इमारतों का मालिकाना हक सीधे तौर पर अभिषेक बनर्जी के पास है, जबकि कुछ अन्य संपत्तियां उनके करीबियों और उनसे जुड़ी कंपनियों के नाम पर दर्ज हैं। इसके अलावा कुछ बड़े अपार्टमेंट्स के फ्लैट्स का जुड़ाव भी उनके करीबियों से पाया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/20मई 2026