क्षेत्रीय
20-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। जिले के आरंग क्षेत्र में मवेशी तस्करी का आरोप लगाकर सतनामी समाज के पूर्व सरपंच के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और अभिजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें रायपुर एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को माना थाना लाकर पूछताछ की और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर आज दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किए जाने की तैयारी की गई। घटना आरंग थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, 14-15 मई की रात ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे के साथ कथित तौर पर कुछ लोगों ने मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस दौरान हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से गरमा गया और सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में 16 मई को बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाना पहुंचे और प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार झा और डीएसपी लंबोदर पटेल सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन भी सौंपा था। पुलिस ने मामले की गंभीरता और जनाक्रोश को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और SC/ST Act के तहत मामला दर्ज किया। डीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया था और आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल और एसीसीयू टीम की भी मदद ली गई। तकनीकी इनपुट मिलने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई, जहां दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कानून व्यवस्था अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा और दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने सतनामी समाज और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 मई 2026