क्षेत्रीय
20-May-2026
...


- एक चालक की मौके पर मौत, दो गंभीर -चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार देवघर (ईएमएस)। झारखंड के देवघर बाइपास सर्कुलर रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार हाइवा ने भीषण सड़क हादसे को अंजाम दे दिया। केनरा बैंक के समीप करीब 11:30 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में एक टोटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा की गति इतनी तेज थी कि चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और उसने सड़क पर जा रहे दो टोटो और एक मोटरसाइकिल को बेरहमी से अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और काफी दूर तक घिसटते चले गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक टोटो चालक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी रोशन कुमार के रूप में हुई है, जिनका एक पैर हादसे में बुरी तरह कुचल गया है। वहीं, बाइक सवार संतोष कुमार (निवासी सुपौल, बिहार) के पैर में भी गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। फिलहाल मृत टोटो चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। रामयश/ईएमएस 20 मई 2026