क्षेत्रीय
20-May-2026
...


- बोले- बस्तर पर झूठ बोल रहे, रिकॉर्ड निकालकर देख लें रायपुर (ईएमएस)। नक्सलवाद और बस्तर विकास को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस ने शाह के दावों पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजधानी रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर को लेकर तथ्यात्मक रूप से गलत बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन व्यवस्थाओं को आज नई पहल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, उनकी शुरुआत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही हो चुकी थी। भूपेश बघेल ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान अमित शाह के बस्तर दौरे के समय उन्होंने खुद उन्हें सुकमा क्षेत्र के कैंपों में जाने की अनुमति और सहयोग दिया था। उन्होंने दावा किया कि शाह ने उस समय अकेले बस्तर जाकर कैंपों, राशन दुकानों और स्कूलों का निरीक्षण किया था। पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार उस दौरान कैंपों में राशन उपलब्ध था, स्कूल संचालित हो रहे थे और बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कोई पूर्व निर्धारित दौरा नहीं था बल्कि औचक निरीक्षण था, ऐसे में वहां की व्यवस्थाएं वास्तविक थीं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन कैंपों को अब सेवा केंद्र या नई अवधारणा के रूप में बताया जा रहा है, वहां पहले से ही कई सुविधाएं मौजूद थीं। भूपेश बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान इन क्षेत्रों में सोलर लाइट, खेल मैदान, आंगनबाड़ी केंद्र, बाजार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास कराया गया था। कांग्रेस नेता ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि इन दावों पर किसी प्रकार का संदेह है तो संबंधित रिकॉर्ड सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास कार्यों को लेकर तथ्यों को राजनीतिक बयानबाजी से अलग करके देखा जाना चाहिए। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में बस्तर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा था कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद अब क्षेत्र के समग्र विकास और गांवों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा। - (ईएमएस) 20 मई 2026