अंतर्राष्ट्रीय
20-May-2026
...


रोम(ईएमएस)। पांच देशों की अपनी महत्वपूर्ण विदेश यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए न केवल भारतीय प्रवासी, बल्कि स्थानीय इटालियन नागरिक भी भारी संख्या में उमड़ पड़े। इस खास मौके पर इटली के कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रधानमंत्री का भव्य अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में आयोजित इस कार्यक्रम का माहौल बेहद ऊर्जावान और उत्सव जैसा रहा, जिसने दोनों देशों के सांस्कृतिक जुड़ाव को एक नई ऊंचाई दी। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रसिद्ध इटालियन कलाकार फ्रांसेस्को घेरार्दी ने प्रधानमंत्री के साथ अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री की मौजूदगी बेहद सकारात्मक और ऊर्जा से भरपूर थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री पूरी प्रस्तुति के दौरान लगातार तालियां बजाकर कलाकारों का हौसला बढ़ाते रहे। फ्रांसेस्को के लिए यह पल बेहद यादगार बन गया जब उन्हें प्रधानमंत्री से हाथ मिलाने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने का अवसर मिला। वहीं, एक अन्य कलाकार वैलेरियो ब्रूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रस्तुति को लेकर सचमुच बहुत उत्साहित नजर आ रहे थे। उन्होंने हर परफॉर्मेंस को बहुत ध्यान से देखा और कलाकारों की खुलकर सराहना की। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को अपने जीवन का सबसे यादगार अवसर बताते हुए निकोलो मेलोची और सिमोन मैटिएलो ने कहा कि पूरी टीम के साथ प्रधानमंत्री के सामने परफॉर्म करना एक शानदार अनुभव था। उन्होंने महसूस किया कि प्रधानमंत्री मोदी कलाकारों की कला से सीधा जुड़ाव महसूस कर रहे थे। कार्यक्रम के जादुई माहौल का जिक्र करते हुए लियो वर्तुन्नी ने कहा कि वहां जबरदस्त ऊर्जा थी और प्रवासी भारतीय समुदाय का अपने देश के प्रधानमंत्री के प्रति गहरा प्रेम साफ दिखाई दे रहा था। यह भारतीय संस्कृति के उत्सव और इतालवी कलाकारों की ऊर्जा का एक अद्भुत और दिलचस्प मेल था। कलाकार मार्टिना अर्गाडा ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी प्रस्तुति को बेहतरीन बताया। उन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर के लिए रोम स्थित भारतीय दूतावास का आभार व्यक्त किया। वहीं, इटली की ही कथक नृत्यांगना रोसेला फेनेली के लिए यह प्रस्तुति बेहद भावुक और खास रही। उन्होंने कहा कि वे लोग लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। फेनेली ने उम्मीद जताई कि इस अद्भुत अनुभव के बाद भविष्य में उन्हें भारत की धरती पर भी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करने का अवसर मिलेगा। कुल मिलाकर, रोम की यह शाम भारत और इटली के मजबूत होते रिश्तों की गवाह बनी। भारत और इटली दोनों देशों के बीच सहयोग के नए युग की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी की यह रोम यात्रा भारत और इटली के आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से बेहद ऐतिहासिक मानी जा रही है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘रोम में स्वागत है, मेरे दोस्त।’ यह संदेश दोनों नेताओं के बीच के मजबूत व्यक्तिगत और रणनीतिक रिश्तों को साफ तौर पर दर्शाता है। साझा लेख में दिखी भविष्य की रणनीति इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने एक साझा लेख के जरिए भविष्य की रणनीतिक साझेदारी का एक बड़ा विजन पेश किया है। इसमें दोनों देशों ने लोकतंत्र, साइबर सुरक्षा, हरित ऊर्जा और वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। दोनों देशों ने वर्ष 2029 तक अपने द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो के पार ले जाने का एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इटली’ को एक नई आर्थिक ताकत के रूप में प्रस्तुत करते हुए विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई गई। साझा लेख में इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर को हिंद महासागर से यूरोप तक कनेक्टिविटी का एक मजबूत और नया आधार बताया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/20मई 2026