अंतर्राष्ट्रीय
20-May-2026
...


रोम,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली की राजधानी रोम पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी और भव्य अंदाज में स्वागत किया गया। रोम पहुंचने पर एक विशेष क्षण तब देखने को मिला, जब एक इटालियन पेंटर ने प्रधानमंत्री मोदी को वाराणसी की खूबसूरती दर्शाती एक विशेष पेंटिंग भेंट की। पीएम मोदी को भेंट की गई इस कलाकृति में गंगा घाटों और काशी की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई गई थी। पेंटिंग को देखकर प्रधानमंत्री ने कलाकार की सराहना की और भारतीय संस्कृति के प्रति उसके लगाव की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री जिस होटल में ठहरे हैं, उसके बाहर बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय और समर्थक पहले से मौजूद थे। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी लोगों का अभिवादन करते हुए उनका हालचाल जाना। उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और इटली के संबंधों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “रोम में स्वागत है, मेरे दोस्त।” इसे दोनों नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत और रणनीतिक संबंधों का संकेत माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 20मई26