क्षेत्रीय
20-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के वेलकम इलाके में 22 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पता चला कि घायल को उसके परिजन पहले ही अस्पताल ले जा चुके थे। राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के वेलकम इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 22 साल के अमानुल्लाह कुरैशी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 19 और 20 मई की दरम्यानी रात थाना वेलकम क्षेत्र में गोलीबारी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम श्याम लाल कॉलेज के पास घटनास्थल पर पहुंची, जहां पता चला कि घायल अमानुल्लाह कुरैशी पुत्र मोहम्मद तस्लीम, निवासी गुरुद्वारा मोहल्ला, मौजपुर को उसके परिजन पहले ही गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर जा चुके थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर संख्या 233/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/20/ मई/2026