चंडीगढ़ (ईएमएस)। चंडीगढ़ और पंजाब में बढ़ती भीषण गर्मी के मद्देनजर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी अन्य बीमारियों का खतरा रहेगा। इसी बीच, चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान किया है। चंडीगढ़ के स्कूलों में 23 मई से 30 जून 2026 तक कुल 39 दिनों के लिए छुट्टियां रहेंगी। हालांकि, 29 और 30 जून को शिक्षकों को स्कूल आना होगा। प्रशासन ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को दोपहर की सीधी धूप से बचने की सलाह दी है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और अत्यधिक गर्मी में किसी भी बाहरी गतिविधि से बचें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान से शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने, सिर ढककर निकलने, हल्के सूती कपड़े पहनने और खूब पानी पीते रहने की अपील की है। आशीष दुबे / 20 मई 2026