* नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले से शहर में उत्साह चरम पर, होटल हाउसफुल होने की कगार पर; फ्लाइट किराए 10 गुना तक बढ़े अहमदाबाद (ईएमएस)| अहमदाबाद एक बार फिर क्रिकेट के महाकुंभ का गवाह बनने जा रहा है। आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होने वाला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा फाइनल की मेजबानी अहमदाबाद को मिलने के बाद पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। होटल, ट्रैवल, रेस्टोरेंट और पर्यटन उद्योग में मानो दिवाली जैसा माहौल बन गया है। आमतौर पर मई महीने का अंतिम सप्ताह होटल उद्योग के लिए ऑफ-सीजन माना जाता है, लेकिन आईपीएल फाइनल के कारण अहमदाबाद की प्रीमियम और लग्जरी होटलों में अभी से बुकिंग की बाढ़ आ गई है। शहर की अधिकांश फाइव स्टार और थ्री स्टार होटलें 30 और 31 मई के दौरान पूरी तरह भर जाने की संभावना जताई जा रही है। अहमदाबाद में वर्तमान में लगभग 20 हजार होटल कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें से अधिकांश के बुक होने की उम्मीद है। केवल दो दिनों के दौरान होटल उद्योग को 200 करोड़ रुपये से अधिक की सीधी आय होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आईपीएल फाइनल का लाभ केवल होटल उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा। मैच देखने के लिए देशभर से हजारों क्रिकेट प्रेमी अहमदाबाद पहुंचेंगे, जिससे एयरलाइंस, ट्रैवल एजेंसियां, रेस्टोरेंट, कैब सेवाएं, शॉपिंग मॉल और स्थानीय व्यापारियों को भी बड़ा फायदा होने की उम्मीद है। फ्लाइट किरायों में भी भारी उछाल देखने को मिला है। सामान्य दिनों में मुंबई से अहमदाबाद का हवाई किराया 4 से 5 हजार रुपये के बीच रहता है, जो अब बढ़कर 40 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह दिल्ली से अहमदाबाद का किराया 42 हजार रुपये, बेंगलुरु से 42 हजार रुपये, चेन्नई से 37 हजार रुपये, कोलकाता से 36 हजार रुपये, जयपुर से 23 हजार रुपये, हैदराबाद से 28 हजार रुपये और पंजाब से अहमदाबाद का किराया 25 हजार रुपये तक पहुंच गया है। विशेष रूप से एसजी हाईवे, मोटेरा, चांदखेड़ा और गांधीनगर क्षेत्र की होटलों की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम के नजदीक होने के कारण क्रिकेट प्रशंसक और कॉर्पोरेट मेहमान इन इलाकों में ठहरना पसंद कर रहे हैं। होटल कमरों के किराए में भी जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जो कमरे सामान्य दिनों में 8 से 10 हजार रुपये में उपलब्ध होते थे, वे अब 25 से 30 हजार रुपये तक में बुक हो रहे हैं। कई होटलों में वीआईपी सुइट और प्रीमियम कमरों के लिए वेटिंग लिस्ट भी शुरू हो चुकी है। सतीश/30 मई