क्षेत्रीय
20-May-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के रीजनल कार्यालय वाराणसी की ओर से अलग अलग राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सेंट्रलाइज्ड वेब-बेस्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम लगवाया जाएगा। इस सिस्टम के ज़रिये राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग लगाई जा रही है, जिससे राजमार्गों पर प्रकाश व्यवस्था की रियल-टाइम निगरानी और ऑटोमैटिक कंट्रोल किया जा सके। वाराणसी कार्यालय से जुड़े पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों में इस हाई-टेक लाइटिंग सिस्टम को लगाने का काम 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल इस प्रयास के तहत सबसे पहले वाराणसी- हनुमना सेक्शन (एनएच-35), डगमपुर- लालगंज (एनएच-35), लालगंज- हनुमना (एनएच-135), आजमगढ़ गोसाईंबाजार-वाराणसी (एनएच-233), सुल्तानपुर-वाराणसी (एनएच-56), वाराणसी-गाज़ीपुर (एनएच-31), वाराणसी रिंग रोड-बाबतपुर हरहुआ, संदहा-बाबतपुर में स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग लगाई जाएगी। ये स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग तकनीक एक सेंट्रलाइज्ड वेब-बेस्ड पोर्टल के जरिए संचालित होगी, जिससे स्ट्रीट लाइट्स को एक ही जगह से मॉनिटर किया जा सकेगा। इसमें आईपी बेस्ड मॉनिटरिंग हैं। यदि किसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोई लाइट खराब या बंद होती है, तो केंद्रीय सिस्टम को इसकी तुरंत जानकारी मिल जाएगी, यानी लाइटिंग की रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सकेगी। ये सिस्टम जीपीएस तकनीक से जुड़ा होगा जिससे खराब लाइट की लोकेशन फ़ौरन पता चल जाएगी। साथ ही कितनी लाइटें खराब हैं उसकी सटीक जानकारी कंट्रोल रूम को मिलेगी। इसके अलावा ऑटोमैटिक कंट्रोल सिस्टम की मदद से दिन के उजाले और रात के अंधेरे के हिसाब से लाइटें खुद चालू और बंद होंगी, जिससे बिजली की भारी बचत होगी। डॉ नरसिंह राम / 20 मई 26