राष्ट्रीय
20-May-2026


मुंबई (ईएमएस)। बीते मंगलवार को दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं, इस खबर ने उनके लाखों प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी थी। हालांकि, ताजा रिपोर्ट्स ने इन खबरों को कोरी अफवाह बताया है। दरअसल, अमिताभ बच्चन नियमित जांच के लिए नानावटी अस्पताल गए थे, न कि किसी आपातकालीन स्थिति के चलते भर्ती हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार, एक सूत्र ने बताया कि बिग बी हर महीने नियमित चेकअप के लिए अस्पताल जाते हैं और जांच के बाद अपने घर लौट आते हैं। सूत्र ने पुष्टि की कि वे बिल्कुल ठीक हैं और अपने जुहू स्थित घर पर हैं। उन्हें जलसा से जनक तक गाड़ी चलाते भी देखा गया, जो उनकी सामान्य दिनचर्या का हिस्सा है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर पूरी तरह बेबुनियाद है। इन स्पष्टीकरणों के बाद, अमिताभ बच्चन के प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है। कूली फिल्म के सेट पर हुई गंभीर दुर्घटना के बाद से उनकी सेहत को लेकर फैंस हमेशा चिंतित रहते हैं। वर्तमान में वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और घर पर हैं, जिससे उनके शुभचिंतकों ने चैन महसूस किया है। आशीष दुबे / 20 मई 2026