-पूर्व सांसद आनंद मोहन का वीडियो वायरल, जेडीयू नेताओं ने की आलोचना पटना,(ईएमएस)। पूर्व सांसद आनंद मोहन का नीतीश कुमार और निशांत कुमार को लेकर एक वीडियो बयान वायरल हुआ है, जिसमें वह कहते सुने जा सकते हैं कि स्वास्थ्य मंत्रालय इसलिए दिया गया कि बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत है। आनंद मोहन ने इस बयान में नीतीश की मजबूरी का पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा फायदा उठाने और जेडीयू में मंत्री बनाने में पैसे के खेल का भी आरोप लगाया था। नतीजा है कि वो जेडीयू और बीजेपी नेताओं के निशाने पर हैं और उन्हें जेल से निकलने में नीतीश की कृपा याद दिलाई जा रही है और चुनौती दी जा रही है कि ताकत है तो सांसद पत्नी लवली आनंद और विधायक बेटे चेतन आनंद से इस्तीफा करवाकर दोनों को फिर से जिता लें। उनके भाषण का वीडियो अब सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिना काट-छांट वाले वीडियो में आनंद मोहन बाप-बेटे वाली बात को इस तरह कह रहे हैं- ‘हमने कहा कि अगर पार्टी बचानी है और सरकार में भी प्रतिनिधित्व लेना है, तो उप-मुख्यमंत्री बनाइए निशांत कुमार को और तब साथियों, निशांत को बड़ी चालाकी से… मान नहीं रहा है, मान नहीं रहा है और अचानक टीम निशांत को पूछे बगैर निशांत को ले उड़ते हैं लोग और मंत्री बना देते हैं। ये स्वास्थ्य मंत्री, ये मंत्रालय नहीं है, आंख खोल लो, ये निशांत के साथ छल है और ये घोर मजाक है। आज क्यों बोल रहे हैं कि सचमुच स्वास्थ्य मंत्री के लायक ये हैं। लोग ट्रोल करते हैं कि स्वास्थ्य मंत्रालय इसलिए दिया गया कि बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत है। ये भी कोई और नहीं बोलते, तुम्हारे ही कारिंदे बोलते हैं। तुम्हारा ही आईटी सेल बोलता है। आनंद मोहन ने इस भाषण के दौरान कहा था कि धड़ल्ले से टिकट बेचा गया और मंत्री का पद भी करोड़ों में बेचा गया। उन्होंने जेडीयू के एक शीर्ष नेता का नाम लिए बिना अपनी बेटियों को भी सेट करने का आरोप लगाया और उसके बदले टिकट देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेडीयू पर तीन तिलंगे नहीं, चार लोगों की चांडाल चौकड़ी ने प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह नीतीश का सफाया नहीं है, यह पिछड़ों के राज का सफाया है। जेडीयू के मंत्री लेशी सिंह समेत नीरज कुमार, संजय सिंह और निहोरा यादव ने इन बयानों को लेकर आनंद मोहन की आलोचना की है। पार्टी ने तो सीधे कह दिया कि पार्टी में आनंद मोहन नहीं, उनके बेटे और पत्नी हैं। बीजेपी नेता और सवर्ण आयोग के सदस्य राज कुमार सिंह ने 2000 के विधानसभा चुनाव में आनंद मोहन की तब की पार्टी बिपीपा का टिकट खरीदने का आरोप लगाया है। सिराज/ईएमएस 20मई26