क्षेत्रीय
20-May-2026
...


दुर्ग(ईएमएस)। जिले के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक कर्मचारी से बीमा पॉलिसी में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, भिलाई सेक्टर-4 निवासी संतोष कुमार, जो भिलाई स्टील प्लांट में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत हैं, ने भट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी की अवधि पूरी होने के बाद वह उसे बंद कराने के लिए बीमा कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान फॉर्म भरने में मदद के बहाने उनकी मुलाकात सेक्टर-6 निवासी के. देवासहायम से हुई, जिसने खुद को बीमा एजेंट बताया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अधिक रिटर्न देने वाली पॉलिसियों का भरोसा दिलाकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद संतोष कुमार ने आरोपी को 14 लाख रुपये का चेक दिया। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर बीमा कराने के लिए 17 लाख 30 हजार रुपये भी दिए गए। आरोप है कि आरोपी ने सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी खरीदवाए। बाद में जब पीड़ित ने पॉलिसी से संबंधित जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चेक के माध्यम से जमा की गई राशि भी निकाल ली गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए सेक्टर-6 निवासी रवि कुमार और के. राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 मई 2026