क्षेत्रीय
20-May-2026


धनबाद(ईएमएस)।धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ स्थित जगदीश पब्लिक स्कूल में 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के ही 9वीं कक्षा के पांच छात्रों ने 10वीं के एक छात्र को स्कूल के बाथरूम में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। घटना में घायल छात्र को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमएएच) में भर्ती कराया गया है।घायल छात्र की पहचान तरुण कुमार के रूप में हुई है। छात्र के पिता बलराम चौधरी ने बताया कि उनका बेटा बुधवार को स्कूल गया था। इसी दौरान कुछ छात्रों ने उसे पकड़कर स्कूल के बाथरूम में ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने के बाद वे स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से आरोपित छात्रों की जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।बलराम चौधरी ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय संबंधित छात्रों को घर भेज दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से दोषी छात्रों पर कार्रवाई की मांग की है।वहीं घायल छात्र तरुण कुमार ने बताया कि वह बाथरूम में था तभी पांच छात्र वहां पहुंचकर उसे पकड़कर बिना किसी वजह बताए उसकी पिटाई करने लगे। मारपीट में उसके सिर और छाती में चोट आई है।मामले में स्कूल संचालक ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और जांच के बाद दोषी छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने इलाज के बाद बलियापुर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। कर्मवीर सिंह/20मई/26